भारत की सीमाएँ (India’s Frontiers)

हमारा देश हिन्द महासागर एवं हिमालय पर्वत के मध्य स्थित है। इसका सबसे उत्तरी बिन्दु जम्मू-कश्मीर राज्य में 37°6′ उत्तरी अक्षांश पर स्थित ‘इंदिरा कॉल’ है। भारत के मुख्य भूमि का दक्षिणतम बिन्दु 8°4′ उत्तरी अक्षांश पर स्थित कन्याकुमारी या केप कमोरिन अंतरीप है, जो तमिलनाडु राज्य में स्थित एक द्वीप है। भारत का दक्षिणतम बिन्दु इंदिरा प्वाइंट है, जो ग्रेटनिकोंबार द्वीप के 6°45′ उत्तरी अक्षांश पर स्थित है। इसे पिग्मेलियन प्वाइंट अक्षांश अथवा पारसन प्वाइंट की संज्ञा से भी अभिहित किया जाता हैं। देश का सुदूरस्थ पश्चिमी बिन्दु गुजरात के राज्य गौरा मोता व गुहार मोती है जबकि पूर्वोत्तम बिन्दु अरुणाचल प्रदेश में स्थित किबिथु हैं।*

देश की चतुर्दिक अंतिम सीमा बिंदु
• दक्षिणतम बिन्दु
इन्दिरा प्वाइंट; 6°45′ अक्षांश (ग्रेट निकोबार द्वीप)*
• उत्तरतम बिन्दु
इन्दिरा कॉल (जम्मू-कश्मीर)
• पश्चिमोत्तम बिन्दु
गुहार मोती (गुजरात)
• पूर्वोत्तम बिन्दु
किबिथु (अरुणाचल प्रदेश)
• मुख्य भूमि की द. सीमा
कन्याकुमारी 8°4′ अक्षांश (तमिलनाडु)*

इसकी स्थलीय एवं जलीय सीमाएं तथा उसके पड़ोसी देश उसे विशिष्ट भौगोलिक, वाणिज्यिक एवं व्यापारिक स्थिति प्रदान करते है। यहां प्रस्तुत है उक्त संदर्भ में परीक्षोपयोगी महत्वपूर्ण तथ्य। यथा-

स्थलीय सीमाएँ (Land Frontiers)

भारत की स्थलीय सीमाओं की लंबाई 15,200 किमी. है। भारत के उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान, उत्तर में चीन, नेपाल तथा भूटान और पूर्व में म्यांमार तथा बांग्लादेश हैं। भारत की सबसे लम्बी अंतर्राष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश के साथ तथा सबसे छोटी सीमा अफगानिस्तान के साथ है।

पड़ोसी देशों के मध्य सीमा विस्तार
पड़ोसी देश
सीमा की लंबाई (किमी. में)
• भारत – बांग्लादेश सीमा*
4096.7
• भारत – चीन
3488
• भारत – पाक सीमा
3323
• भारत – नेपाल सीमा
1751
• भारत – म्यांमार सीमा
1643
• भारत – भूटान सीमा*
699
• भारत – अफगानिस्तान सीमा
106
कुल सीमा
15106.7
स्रोतः Ministry of Home Affairs in January : 2004
नोट : सामान्यतः स्थलीय सीमा 15200 किमी. मानी जाती है।

(1) भारत-बांग्लादेश सीमा: भारत के पड़ोसी देशों में भारत- बांग्लादेश की सीमा सर्वाधिक लम्बी (4096.7 किमी.) है, जो भारत की स्थलीय सीमा (15,200 किमी.) का लगभग 27 प्रतिशत है। भारत के पाँच राज्य- असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम तथा प. बंगाल, बांग्लादेश की सीमा को स्पर्श करते हैं। बांग्लादेश से स्पर्श करती हुई सर्वाधिक लम्बी सीमा रेखा पश्चिमी बंगाल (2217 किमी.) की है। दूसरे नम्बर पर त्रिपुरा का स्थान है। यह सीमा पूर्णतः मानव निर्मित है, जो कि गंगा-ब्रह्मपुत्र डेल्टा को विभाजित करती है।

(2) भारत-चीन सीमा: यह सीमा (3488 किमी.) एक प्राकृतिक सीमा है, जो भारत की दूसरी सबसे लम्बी सीमा है। इस सीमा को भारत के पाँच राज्य / केन्द्रशासित प्रदेश- हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखण्ड, सिक्किम तथा अरुणांचल प्रदेश स्पर्श करते हैं। इस सीमा रेखा की सर्वाधिक लम्बाई लद्दाख प्रदेश में है। भारत-चीन सीमा को तीन भागों में विभक्त किया जा सकता है। यथा :

(a) पश्चिमी सीमा : यह भारत के जम्मू-कश्मीर को चीन के सिंकयांग प्रांत से अलग करती है। यह गिलगिट और सिंकयांग के बीच काराकोरम जल विभाजक का अनुसरण करते हुए सिन्धु नदी के बेसिन को तारिम बेसिन से अलग करती है। यह सीमा भारत के सिन्धु तथा चीन के खोतान जल-तंत्र के मध्य जल विभाजक का काम करती है। भारत की दृष्टि से यह सीमा स्थायी नहीं है।

(b) मध्यवर्ती सीमा : यह भारत के दो राज्य-हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड को स्पर्श करती है। यह सीमा भाग लद्दाख से नेपाल तक जल विभाजक का अनुसरण करती है। इस सीमा पर दोनों देशों के मध्य कोई बड़ा विवाद नहीं है।

(c) पूर्वी सीमा : इस सीमा का विस्तार भूटान के पूर्वी छोर से, तालू दर्रे के निकट भारत-तिब्बत-म्यांमार ब्रिसंधि तक है। प्रायः इसे शिमला समझौता (1913-14) में उपस्थित ब्रिटिश प्रतिनिधि हेनरी मैक मोहन के नाम पर मैक मोहन रेखा की संज्ञा प्रदान की जाती है। इसकी लंबाई 1140 किमी. है। ज्ञातव्य है कि इस सीमा रेखा को भारत वैध अंतरराष्ट्रीय सीमा मानता है। किन्तु चीन इस सीमा रेखा के अवैध मानते हुए अरुणाचल प्रदेश को ‘दक्षिणी- तिब्बत’ का अंग मानता है।

(3) भारत-पाकिस्तान सीमा: इस सीमा का विस्तार 3323 किमी. है, जो जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, लद्दाख (के.प्र.), पंजाब एवं गुजरात राज्य की सीमा को स्पर्श करता है। इसका निर्धारण 1947 में रैडक्लिफ पंचाट द्वारा किया गया, कारण स्वरूप इसे रेडक्लिफ रेखा की संज्ञा दी जाती है। यह सीमा रेखा पूर्णतया अध्यारोपित (Superimposed) अर्थात मानवाकृत एवं विवादित सीमा रेखा है, जिसके कारण 1948, 1965, 1971 तथा 1999 में दोनों देशों के मध्य युद्ध हो चुके हैं। इस विवाद का मुख्य मुद्दा- कश्मीर, सियाचिन ग्लेशियर, कच्छ का रण एवं सरक्रीक (Sir Creck) रहा है।

भारत-पाक राज्यवार सीमा विभाजन
राज्य
सीमा लम्बाई (किमी.)
1. जम्मू-कश्मीर
1225
2. राजस्थान
1070
3. पंजाब
553
4. गुजरात
508
कुल
3323
स्त्रोत : M.H.A. January: 2004

(4) भारत-नेपाल सीमा: यह सीमा दोनों के मध्य 1751 किमी. लम्बी है, जो पश्चिम में नेपाल-तिब्बत-उत्तराखण्ड त्रिसंधि से प्रारंभ होकर पूरब में सिक्किम तक चली जाती है। भारत के पाँच राज्य- उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, नेपाल की सीमा को स्पर्श करते हैं। इन राज्यों में बिहार नेपाल के साथ सर्वाधिक लम्बी (729 किमी.) सीमा बनाती है।*

भारत-नेपाल राज्यवार सीमा विभाजन
राज्य
सीमा की लम्बाई (किमी.)
बिहार
729
उत्तर प्रदेश
560
उत्तराखण्ड
263
प. बंगाल
100
सिक्किम
99
कुल
1751

(5) भारत-म्यांमार सीमा: इस सीमा की लम्बाई 1643 किमी. है, जो भारत के चार राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, नगालैण्ड, मणिपुर, तथा मिजोरम को स्पर्श करती है। इस सीमा की सर्वाधिक लम्बाई अरुणाचल प्रदेश (520 किमी.) एवं मिजोरम (510 किमी.) में है। म्यांमार का अराकान योमा पर्वत भारत तथा म्यामांर के मध्य लम्बी प्राकृतिक सीमा का निर्माण करती है। ज्ञातव्य है कि दोनों देश के मध्य सीमा का निर्धारण 1826 के यांडबू संधि के आधार पर हुई थी, जिसका सही निर्धारण 10 मार्च, 1967 की द्विपक्षीय संधि के द्वारा हुआ।

एक से अधिक देशों की सीमा को स्पर्श करने वाले राज्य/ संघ शासित क्षेत्रः एक दृष्टि में
राज्य/संघ शासित क्षेत्र
देश
• लद्दाख
पाकिस्तान, अफगानिस्तान, चीन
• मिजोरम
बांग्लादेश, म्यांमार
• असम
बांग्लादेश, भूटान
• अरुणाचल प्रदेश
चीन, म्यांमार, भूटान
• उत्तराखण्ड
चीन, नेपाल
• पश्चिमी बंगाल
बांग्लादेश, नेपाल, भूटान
• सिक्किम
नेपाल, चीन, भूटान

(6) भारत-भूटान सीमा : इस सीमा की लम्बाई 699 किमी. है। यह सीमा भारत के चार राज्यों- सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असोम एवं अरुणाचल प्रदेश को स्पर्श करती है। इस सीमा की सर्वाधिक लम्बाई असोम के साथ स्पर्श करती है। इसका निर्धारण 1949 की संधि द्वारा हुआ था। दोनों देशों के मध्य सैन्य सहयोग की संधि है।

भारत-भूटान राज्यवार सीमा विभाजन
राज्य
सीमा लम्बाई (किमी. में)
1. असोम*
267
2. अरुणाचल प्रदेश
217
3. प. बंगाल
183
4. सिक्किम
032
कुल
699

(7) भारत-अफगानिस्तान सीमा : इस सीमा की लंबाई 106 किमी. है। स्वतंत्रता से पूर्व भारत-अफगानिस्तान सीमा का निर्धारण 1896 में सर मोर्टिमर डुरंड द्वारा किया गया था। वर्तमान में भारत-अफगानिस्तान एवं पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के मध्य इसका विभाजन हो गया है।

अन्तर्राष्ट्रीय सीमा की लम्बाई और सम्बद्ध राज्य : एक दृष्टि में
देश
लम्बाई (किमी.)
सीमा रेखा
सीमा से संबद्ध भारतीय राज्य
1. बांग्लादेश
4096.7
परिचालन शून्य रेखा
5 (पश्चिम बंगाल, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, असोम)
2. चीन
3488
मैकमोहन रेखा (1913-14)
5 (हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखण्ड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश*)
3. पाकिस्तान
3323
रेडक्लिफ रेखा (1947)
5 (गुजरात, राजस्थान, पंजाब, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर)*
4. नेपाल
1751
रेडक्लिफ लाइन
5 (उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखण्ड)
5. म्यांमार
1643
इण्डो-वर्मा बैरियर
4 (अरुणाचल प्रदेश, नगालैण्ड, मिजोरम, मणिपुर)
6. भूटान
699
4 (पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असोम)
7. अफगानिस्तान
106
डूरण्ड रेखा (1896)
1 लद्दाख
कुल
15,106.7
नोट- सामान्यतया भारत का स्थलीय सीमा 15200 मानी जाती है।
स्त्रोत : Ministry of Home Affairs; 2004

जलीय सीमाएँ (Water Frontiers)

(1) भारत के मुख्य भूमि की तटीय सीमा की लंबाई 6,100 किमी. है। द्वीपों समेत देश की कुल तटीय सीमा 7516.6 किमी. 22716.6 (15200+7516.6) किमी. है।*

(2) मुख्य भूमि की तटीय सीमा के कुल 66 जिले एवं 9 राज्य स्पर्श करते है। इसके अलावा 4 केन्द्र शासित प्रदेश एवं उसके 4 जिले तटीय सीमा को स्पर्श करते हैं। तटीय राज्यों में सर्वाधिक तटीय लम्बाई वाला राज्य गुजरात (1215 किमी.) है।

तटीय राज्य/कें.शा.प्र. एवं उनकी तटीय सीमाएँ
राज्य
तट रेखा
द्वीप की संख्या
1. अण्डमान निकोबार द्वीप समूह
1962
836
2. गुजरात
1215 (23%)
144
3. आंध्र प्रदेश
974
032
4. तमिलनाडु
907
28
5. महाराष्ट्र
653
124
6. केरल
570
07
7.ओडिशा
476
11
8. कर्नाटक
280
94
9. पश्चिम बंगाल
158
22
10. लक्षद्वीप
132
36
11. गोवा
151
43
12. पुदुचेरी
31
13. दमन व दीव
10
09
कुल
7516.6
1382

अन्तर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन की व्यवस्था के अनुसार किसी देश (भारत) की जलीय सीमा को तीन भागों में वर्गीकृत किया गया है।

(1) प्रादेशिक जल सीमा (Territorial Sea)

भारत की प्रादेशिक समुद्री सीमा (Maritime Belt) या क्षेत्रीय सागर (Territorial Sea) आधार रेखा से 12 समुद्री मील (Nautical Miles) की दूरी तक अर्थात् 1,93,834 वर्ग किमी. है। इस क्षेत्र के उपयोग का भारत को सम्पूर्ण अधिकार प्राप्त है।* आधार रेखा टेढ़े-मेढ़े तट को मिलाने वाली कल्पित सीधी रेखा है। स्थलीय भाग एवं आधार रेखा के मध्य स्थित सागरीय जल को आंतरिक जल (Internal Water) कहते हैं।

(2) संलग्न क्षेत्र (Contiguous Zone)

अविच्छिन्न मंडल या संलग्न क्षेत्र (Contiguous Zone) की दूरी आधार रेखा से 24 समुद्री मील (1 समुद्री मील = 1.8 किमी.) तक है। इस क्षेत्र में भारत को साफ-सफाई, सीमा शुल्क की वसूली और वित्तीय अधिकार प्राप्त है।*

(3) अनन्य आर्थिक क्षेत्र (Exclusive Economic Zone)

देश का अनन्य आर्थिक क्षेत्र (Exclusive Economic Zone) आधार रेखा से 200 समुद्री मील तक है, जिसमें भारत को वैज्ञानिक अनुसंधान व नये द्वीपों के निर्माण तथा प्राकृतिक संसाधनों के विदोहन की छूट मिली हुई है। इसके बाद उच्च सागर (High Sea) का विस्तार है, जहाँ सभी राष्ट्रों को समान अधिकार है।

जलीय पड़ोसी देश (Water Neighbouring Countries)

भारत के मुख्य भूमि के अतिरिक्त बंगाल की खाड़ी में अण्डमान तथा निकोबार द्वीप समूह और अरब सागर में लक्षद्वीप समूह अवस्थित हैं, जो मुख्य भूमि से समुद्र द्वारा अलग किए गए हैं। समुद्रपार भारत का सबसे निकट पड़ोसी देश श्रीलंका हैं। इसके अलावा इण्डोनेशिया, म्यांमार, मालदीव, बांग्लादेश, पाकिस्तान एवं थाइलैंण्ड भारत के समुद्री सीमा से सम्बद्ध देश हैं। यथा-

(i) भारत-श्रीलंका : हिन्दमहासागर में स्थित पाक जलसंधि द्वारा श्रीलंका भारत की मुख्य भूमि से पृथक है। ‘आदम ब्रिज’ तमिलनाडु एवं श्रीलंका के मध्य स्थित है। ध्यातव्य है कि पम्बन द्वीप पर ही रामेश्वरम स्थित है। आदम ब्रिज के उत्तर में पाक की खाड़ी एवं दक्षिण में मन्नार की खाड़ी स्थित है।*

(ii) भारत एवं इण्डोनेशिया : भारत के ग्रेट निकोबार और इण्डोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के मध्य जलीय सीमा को महान चैनल की संज्ञा दी जाती है, जो दोनों देशों के जलीय भाग के विभाजन को इंगित करता है।

(iii) भारत एवं म्यांमार : बंगाल की खाड़ी 14°5′ उत्तरी अक्षांश पर म्यांमार का कोको द्वीप समूह है, जो भारत के उत्तरी अण्डमान द्वीप से कोको चैनल द्वारा अलग होता है।*

(iv) भारत एवं मालद्वीव : अरब सागर में स्थित मालदीव भारत के लक्षद्वीप समूह के द्वीप मिनीकाय से 8° चैनल द्वारा अपने जलीय सीमा को अलग करता है। *

प्रमुख चैनल/जलडमरूमध्य : एक दृष्टि में

विभाजित स्थल-खण्ड *चैनल/खाड़ी/स्टेट
• मालद्वीव व मिनीकाय (भारत) के मध्य8° चैनल*
• लक्षद्वीप व मिनीकॉय के मध्य9° चैनल
• छोटा अंडमान व कार निकोबार के मध्य10° चैनल
• सुमात्रा (इंडोनेशिया) व निकोबार के मध्यग्रैण्ड चैनल
• तमिलनाडु व श्रीलंका के मध्यपाक स्ट्रेट
• दक्षिण अंडमान व लघु अंडमान के मध्यडंकन पास
• कोको द्वीप (म्यांमार) व उत्तरी अंडमान के मध्यकोको स्ट्रेट
• तमिलनाडु व श्रीलंका के मध्यपाक खाड़ी
• द.पू. तमिलनाडु व श्रीलंका के मध्यमन्नार खाडी
• लक्षद्वीप व मालाबार तट के मध्यलक्षद्वीप सागर

नोट- सेतुसमुद्रम परियोजना मन्नार की खाड़ी को पाक खाड़ी से जोड़ती है।

यह भी पढ़ें : भारत का नामांकन (Nomination of India)

FAQs

Q1. भारत के किस प्रदेश की सीमा म्यांमार से सर्वाधिक स्पर्श करती है?
Ans.
अरुणांचल प्रदेश की

Q2. भारत के किस प्रदेश की सीमाएँ तीन देशों क्रमशः नेपाल, भूटान एवं चीन से मिलती हैं?
Ans.
सिक्किम

Q3. भारत के किस राज्य के तीन तरफ अन्तर्राष्ट्रीय सीमायें हैं?
Ans.
त्रिपुरा

Q4. भारत के कितने राज्य पड़ोसी देशों की स्थलीय सीमाओं से जुड़ें हैं?
Ans.
17 राज्य

Q5. भारत के कितने राज्य तटरेखा से लगे हैं?
Ans.
9 (गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आन्ध्रप्रदेश, ओडिशा एवं पं. बंगाल)

Q6. चार दक्षिणी राज्य आन्ध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में से कौन-सा सबसे अधिक भारतीय राज्यों के साथ सीमावर्ती है?
Ans.
आन्ध्र प्रदेश (5) एवं कर्नाटक (6)

Q7. भारत एवं पाकिस्तान के मध्य सीमा रेखा किस सीमा का एक अच्छा उदाहरण माना जाता है?
Ans.
अध्यारोपित सीमा का (Superimposed Boundary)

Q8. भारत का वह कौन-सा स्थान है, जहाँ बंगाल की खाड़ी, अरब सागर तथा हिन्द महासागर मिलते हैं?
Ans.
कन्याकुमारी

Q9. भारत में कर्क रेखा पर स्थित शहर है
Ans.
राँची

Q10. त्रिपुरा तथा बांग्लादेश की सीमा को कौन-सी उपमा प्रदान की गई है?
Ans.
शून्य रेखा (Zero-line)

Q11. भारत का कौन-सा राज्य बांग्लादेश से तीन तरफ से घिरा है?
Ans.
त्रिपुरा

Q12. पाकिस्तान की सीमा से लगे भारत के राज्यों में किसकी लम्बाई सर्वाधिक है?
Ans.
जम्मू-कश्मीर (1225 किमी.)

Q13. पाकिस्तान किस रेखा के सहारे कच्छ के रन का बटवारा चाहता है?
Ans.
24° अक्षांश रेखा

Q14. सर रेडक्लिफ द्वारा भारत-पाक के मध्य अन्तर्राष्ट्रीय सीमा का निर्धारण कब किया गया था?
Ans.
17 अगस्त, 1947

Q15. भारत का महाद्वीपीय शेल्फ (Shelf) क्षेत्रफल कितना है?
Ans.
 372424 वर्ग किमी.

Q16. भारत का औसत समुद्र तल मापन कहाँ से किया जाता है?
Ans.
चेन्नई*

Q17. भारत की सर्वाधिक लम्बी स्थलीय अन्तर्राष्ट्रीय सीमा किस देश के साथ है?
Ans.
बांग्लादेश*

Q18. भारत के दक्षिण हिन्दमहासागर में पाये जाने वाले प्रमुख द्वीप कौन से हैं?
Ans.
मालदीव, सेशेल्स, चैगोस, अलदाब्रा, फरकाहार, डेसचोरस, मारीशस, डियागों गार्सिया, मेडागास्कर आदि।

Q19. देश का दक्षिणतम बिन्दु किस अक्षांश पर स्थित है?-
Ans.
6°4′ उत्तरी अक्षांश पर

Q20. भारत-म्यांमार सीमा का निर्धारण किन प्राकृतिक पहाड़ियों द्वारा होता है?
Ans.
मिसपी, पटकोई, नागा तथा अराकान योमा पहाड़ियों द्वारा

Q21. भारत के कितने राज्य अन्तर्राष्ट्रीय सीमा को स्पर्श करते हैं?
Ans.
18 राज्य

मेरा नाम सुनीत कुमार सिंह है। मैं कुशीनगर, उत्तर प्रदेश का निवासी हूँ। मैं एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हूं।

1 thought on “भारत की सीमाएँ (India’s Frontiers)”

Leave a Comment