पापा खो गए : अध्याय 5

सड़क। रात का समय। समुद्र के सामने फुटपाथ। वहीं पर एक स बिजली का खंभा। एक पेड़। एक लैटरबक्स। दूसरी ओर धीमे प्रकाश में एक सिनेमा का पोस्टर। पोस्टर पर नाचने की भंगिमा में एक औरत की आकृति। समुद्र से सनसनाती हवा का बहाव। दूर कहीं कुत्तों के भौंकने की आवाज।

खंभा : (जम्हाई रोकते हुए) राम राम राम ! रात बहुत हो गई।

पेड़ : आजकल की रातें कैसी हैं! जल्दी बीतने में ही नहीं आतीं।

खंभा : दिन तो कैसे-न-कैसे हड़बड़ी में बीत जाता है।

पेड़ : लेकिन रात को बड़ी बोरियत होती है।

खंभा : तब भी बरसात की रातों से तो ये रातें कहीं अच्छी हैं, पेड़राजा! बरसात की रातों में तो रातभर भीगते रहो, बादलों से आनेवाले पानी की मार खाते रहो, तेज हवाओं में भी बल्ब को कसकर पकड़े बराबर एक टाँग पर खड़े रहो बिलकुल अच्छा नहीं लगता। उस वक्त लगता है, इससे तो अच्छा था… न होता बिजली के खंभे का जन्म ! बल्ब फेंक, तब दूर कहीं भाग जाने का जी होता है।

पेड़ : मुझ पर भी एक रात आसमान से गड़गड़ाती बिजली आकर पड़ी थी। अरे, बाप रे! वो बिजली थी या आफ़त ! याद आते ही अब भी दिल धक-धक करने लगता है और बिजली जहाँ गिरी थी वहाँ खड्डा कितना गहरा पड़ गया था, खंभे महाराज ! अब जब कभी बारिश होती है तो मुझे उस रात की याद हो आती है। अंग थरथर काँपने लगते हैं।

खंभा : मेरी तबीयत ही लोहे की है जो मैं बीमार नहीं पड़ता, वरना कोई भी इस तरह बारिश, ठंडी, धूप में खड़ा रहे, तो जरूर बीमार पड़ जाए। पड़ जाएगा या नहीं? कितने दिन बीत गए, कितनी रातें, लेकिन मैं बराबर इसी तरह खड़ा हूँ। (लंबी ठंडी साँस छोड़कर) छे! चुंगी की यह नौकरी भी कोई नौकरी है!

पेड़ : अपने पत्तों का कोट पहनकर मुझे सरदी, बारिश या धूप में उतनी तकलीफ नहीं होती. तो भी तुमसे बहुत पहले का खड़ा हूँ मैं यहाँ। यहीं मेरा जन्म हुआ इसी जगह। तब सब कुछ कितना अलग था यहाँ। वहाँ के, वे सब ऊँचे ऊँचे घर नहीं थे तब। यह सड़क भी नहीं थी। वह सिनेमा का बड़ा सा पोस्टर और उसमें नाचनेवाली औरत भी तब नहीं थी। सिर्फ़ सामने का यह समुद्र था। बहुत अकेलापन महसूस होता था। तुम्हें जब यहाँ लाकर खड़ा किया गया तो सोचा, चलो कोई साथी तो मिला इतना ही सही। लेकिन वो भी कहाँ? तुम शुरू-शुरू में मुझसे बोलने को ही तैयार नहीं थे। मैंने बहुत बार कोशिश की, पर तुम्हारी अकड़ जहाँ थी वहीं कायम ! बाद में मैंने भी सोच लिया, इसकी नाक इतनी ऊँची है तो रहने दो। मैंने भी कभी आवाज़ नहीं लगाई, हाँ! अपना भी स्वभाव जरा ऐसा ही है।

खंभा : और एक दिन जब आँधी-पानी में मैं बिलकुल तुम्हारे ऊपर ही आ पड़ा?

पेड़ : बाप रे! कैसा था वो आँधी-पानी का तूफ़ान ! अबबऽब!

खंभा : तुम खड़े थे, इसीलिए मैं कुछ संभल गया, हाँ। तुमने मुझे ऊपर का ऊपर झेल लिया, वह अच्छा हुआ। चाहे तुम खुद काफ़ी जख्मी हो गए। बाद में मेरा गरूर भी झड़ गया और अपनी दोस्ती हो गई।

पेड़ : हूँ! हवा आज भी बहुत है। दोनों चुप। हवा की आवाज। कुत्ते का भौंकना। पोस्टर पर बनी नाचनेवाली औरत टेढ़ी हो जाती है। उसके घुँघरू बजते हैं। वह फिर पहले की तरह स्थिर हो जाती है। लैटरबक्स किसी दोहे का एक चरण गुनगुनाता है और रुक जाता है। not

कौआ : (पेड़ के पीछे से झाँककर) काँऽव। कौन है जो रात के वक्त इतनी मीठी आवाजें लगाकर मेरी नींद खराब करता है? जराभर चैन नहीं इन्हें।

लैटरबक्स : हूँ! मीठी आवाज में नहीं गाएँ तो क्या इस कौए जैसी कर्कश काँव-काँव करें? कहता है-जराभर भी चैन नहीं। (पेट में हाथ डालकर एक पत्र निकालता है। धीरे से जीभ को लगाकर खोलता है। उसमें से कागज निकालकर रोशनी में पढ़ने लगता है।) यह किसकी चिट्ठी आकर पड़ी है? हैडमास्टर ? ठीक। क्या कहता है? श्रीमान, श्रीयुत् गोविंद राव जी…ऊँ- ऊँ… आपका लड़का परीक्षित पढ़ाई में काफ़ी कमजोर है। क्लास में उसका ध्यान पढ़ाई में बिलकुल नहीं रहता। इसकी बजाय उसे क्लास से गायब रहकर बंटे खेलना ज्यादा अच्छा लगता है। आप एक बार खुद आकर मुझसे मिलिए… मिलिए? परीक्षित के पापा हैडमास्टर से मिल भी लेंगे, तो क्या हो जाएगा? स्कूल में बच्चे पढ़ें नहीं, क्लास से गायब रहकर बंटे खेलते रहें, इसका क्या मतलब? फ्रीस के पैसे क्या फोकट में आते हैं? सभी पापा लोग आफ़िस में इतना काम करते हैं तब कहीं जाकर मिलते हैं पैसे। उन्हें ये बच्चे फोकट के समझें, आखिर क्यों? छे! मुझे हैडमास्टर होना चाहिए था। इस परीक्षित के होश तब मैं अच्छी तरह ठिकाने लगाता। (वह पत्र रखकर दूसरा निकालता है।) यह किसका है?

खंभा : क्यों, लाल ताऊ, आज किस-किस के पत्र चोरी चोरी पढ़ते रहे?

लैटरबक्स : (आश्चर्य से) चोरी चोरी? चोरी किसलिए? सभी चिट्ठियाँ मेरे ही तो कब्जे में होती हैं। अच्छी तरह रोज-रोज पढ़ता हूँ।

पेड़ : कब्जे में होने का मतलब यह तो नहीं, लाल ताऊ, कि लोगों की चिट्ठियाँ फाड़-फाड़कर पढ़ते रहो? पोस्टमास्टर को पता चल गया तो?

लैटरबक्स : चलता है पता तो चल जाने दो। मेरी तरह यहाँ रात-दिन बैठकर दिखाएँ तब पता चले। परसों वह पोस्टमैन मेरे पेट में से चिट्ठियाँ निकाल रहा था और मुझे इतनी लंबी जम्हाई आई कि रोके नहीं रुकी। (जम्हाई लेता है।) वह देखता ही रह गया। चिट्ठियों का बंडल बनाकर जल्दी-जल्दी चलता बना वह। लेकिन यह लैटरबक्स, इसे नहीं बोरियत होती एक जगह बैठे-बैठे? मैं कहता हूँ, चार चिट्ठियाँ मन बहलाने के लिए पढ़ भी लीं तो क्या हो गया?

पेड़ : लेकिन चिट्ठी जिसे लिखी गई हो, लाल ताऊ, उसे ही पढ़नी चाहिए। वह प्राइवेट होती है प्राइवेट।

लैटरबक्स : मैं कहाँ किसी की चिट्ठी पास रख लेता हूँ? जिसकी होती है उसे मिल ही जाती है। किसी की गुप्त बातें मैं कब बाहर निकलने देता हूँ? वह मुझ तक ही रहती हैं। इसीलिए तो मुझे अपना बहुत महत्त्व लगता है।

पेड़ : कोई आ रहा लगता है-

सब चुप हो जाते हैं। पोस्टर पर बनी नाचनेवाली का संतुलन फिर से बिगड़ता है। फिर पहले की तरह स्थिर और स्तब्ध हो जाती है। तेज हवा की भनभनाहट। भिखारी जैसा एक आदमी आता है। उसके कंधे पर सोई हुई एक लड़की है।

आदमी : मैं बच्चे उठानेवाला हूँ। दूसरा कोई काम करने की मेरी इच्छा नहीं होती। अभी थोड़ी देर पहले एक घर से यह लड़की उठाई है मैंने। गहरी नींद सो रही थी। अब तक उठी नहीं है। उठेगी भी नहीं, मैंने इसे थोड़ी बेहोशी की दवा जो दी है। अब मुझे लगी है भूख। दिनभर कुछ खाने का वक्त ही नहीं मिला। पेट में जैसे चूहे दौड़ रहे हों…. तो ऐसा किया जाए…इसे यहीं लेटाकर अपने जरा कुछ खाने की तलाश करें… देखें कुछ मिल जाए तो! इतनी रात गए यहाँ इस वक्त अब किसी का आना मुमकिन नहीं।

पेड़ की ओट में लड़की को डाल देता है। उस पर अपना कोट फैला देता है और इधर-उधर जरा चौकस होकर देखता है। फिर एक-एक कदम सावधानी से रखता हुआ निकल जाता है।

खंभा : (पेड़ से) श-ऽऽ! पेड़ राजा, दाल में कुछ काला नजर आता है।

पेड़ : वह जरूर बहुत बुरा आदमी है कोई। और यह लड़की तो छोटी सी है।

लैटरबक्स : वह उसे कहीं से उठाकर लाया है। मैंने सुना है।

पेड़ : (कौए को जगाते हुए) श् श् श् ! एऽए कौए, जाग न? जाग !

कौआ : दिन हो गया?

पेड़ : नहीं, दिन नहीं हुआ, पर एक दुष्ट आदमी एक छोटी सी लड़की को कहीं से उठाकर ले आया है। चुप्प! वो आदमी इस वक्त यहाँ नहीं है। वो लड़की उठ जाएगी तो चिल्लाएगी।

कौआ : (आलस से उठते हुए) आँखों पर एक चुल्लू पानी डालकर अभी आया। (जाता है।)

खंभा : भयंकर, बहुत ही भयंकर !

पेड़ : (झुककर लड़की को देखकर) बच्ची बहुत प्यारी है। कौन जाने किसकी है!

लैटरबक्स : (मुड़कर देखते हुए) नासपीटे ने सोई हुई को उठा लिया कहीं से। चील जैसे चूहा उठा लेती है, वैसे।

खंभा : मैं भी देखना चाहता हूँ उसे, पर मुझसे झुका ही नहीं जाता। लाल ताऊ, अभी भी सो रही है क्या वो?

लैटरबक्स : हाँ हाँ… हाँ, खंभे महाराज।

कौआ : (आकर) कौन उठा लाया? किसे? बोलो अब।

पेड़ : इसे…इस छोटी लड़की को एक दुष्ट आद‌मी उठा लाया है।

कौआ : (देखकर) अच्छा… यह लड़की ! और वह दुष्ट आदमी कहाँ है? इसे उठाकर लानेवाला?

खंभा : वह जरा गया है खाने की तलाश में… भूख लगी थी उसे ।

लैटरबक्स : थोड़ी ही देर में आ जाएगा नासपीटा ! और यह खिलौने-सी बच्ची… (गला सँध जाता है।) नहीं नहीं, ऐसी कल्पना भी नहीं की जा सकती। कौन जाने क्या होगा इस बच्ची का !

कौआ : हाँ सच ! आजकल कुछ दुष्ट लोग बच्चों को उठा ले जाते हैं। मैं तो घूमता रहता हूँ न? ऐसा होते देखा है।

पेड़ : मैं बताऊँ? अपन यह काम नहीं होने देंगे।

लैटरबक्स : पर मैं कहता हूँ, यह होगा कैसे?

खंभा : होगा कैसे मतलब ? उस दुष्ट को मजे से इस बच्ची को उठा ले जाने दें?

कौआ : वह दुष्ट है कौन? पहले उसे नजर तो आने दीजिए।

लैटरबक्स : मैंने देखा है नासपीटे को। अच्छी तरह करीब से देखा है। बहुत ही दुष्ट लगा मुझे तो। कैसी नजर थी उसकी ! घड़ीभर को तो मुझे लगा, कहीं यह मुझे ही न उठा ले जाए।

कौआ : ताऊ, आपको ? खो खो करके हँसता है। छोटी लड़की अब तक कुछ जाग चुकी है। अधखुली आँखों से सामने देखती है-पेड़, खंभा, लैटरबक्स और कौआ एक दूसरे से बातें कर रहे हैं।

लैटरबक्स : इतना मुँह फाड़कर हँसने की क्या बात है इसमें ?

खंभा : उसकी वह गंदी नजर, यहाँ से मुझे भी खूब अच्छी तरह दिखाई दे रही थी।

पेड़ : छोटे बच्चों को उठाने से ज्यादा बुरा काम और क्या हो सकता है? लड़की उठकर बैठ जाती है। स्वप्न देखने जैसी भाव-मुद्रा।

लैटरबक्स : कैसा मन होता है नासपीटों का? उनका वहीं जानें! उनका वही जानें!

कौआ : ताऊ, एक जगह बैठे रहकर यह कैसे जान सकोगे? उसके लिए तो मेरी तरह रोज चारों दिशाओं में गश्त लगानी पड़ेगी, तब जान पाओगे यह सब।

पेड़ : काफ़ी समझदार है तू। अरे यह हमसे कैसे हो सकेगा? लड़की स्वप्न देखती हुई-सी खड़ी है।

लड़की :

अं? क्या? ये सब बोल रहे हैं? लैटरबक्स, बिजली का खंभा, यह पेड़… कौआ…

कौआ सबको इशारा करता है। तभी सब एकदम चुप, स्तब्ध हो जाते हैं। लड़की इन सबके पास जाकर खड़ी हो जाती है। अच्छी तरह सबको देखती है, पर सभी निर्जीव लगते हैं।

लड़की : ये तो ठीक लग रहे हैं। फिर मुझे जो दिखाई दिया वह सपना था… या कुछ और? (फिर गौर से देखती है, सभी निःस्तब्ध।) कौन बोल रहा था? कौन गप्पें मार रहा था? (सभी चुप) कौन बातें कर रहा था? मुझे… मुझे डर लग रहा है। मैं कहाँ हूँ? यह सब क्या है? मेरा घर कहाँ है? मेरे पापा कहाँ हैं? मम्मी कहाँ हैं? कहाँ हूँ मैं? मुझे… मुझे बहुत डर लग रहा है… बहुत डर लग रहा है। कैसा अँधेरा है चारों तरफ ! रात है… सपना देख रही थी मैं। पर सब सच है… कोई तो बोलो न… नहीं तो चीखूँगी मैं… चीखूँगी। सभी चुप। स्तब्ध। लड़की घबराकर एक कोने में अंग सिकोड़कर बैठ जाती है। फिर अपना सिर घुटनों में डाल लेती है।

लड़की : मुझे डर लग रहा है… मुझे डर लग रहा है…

लैटरबक्स : (पेड़ से) अब मुझसे चुप नहीं रहा जाता… बहुत घबरा गई है।
(आगे सरककर) बच्ची घबरा मत…

लड़की : (पहले ऊपर देखती है फिर सामने ) कौन

लैटरबक्स : मैं हूँ, लैटरबक्स।

लड़की : तुम… तुम बोलते हो?

लैटरबक्स : हाँ, मेरे मुँह नहीं है क्या?

लड़की : तुम चलते भी हो ?

लैटरबक्स : हाँ, आदमियों को देख-देखकर ।

लड़की : सच?

लैटरबक्स : उसमें क्या है? (थोड़ा चलकर दिखाता है) पर तू घबरा मत।

लड़की : (एकदम खिलखिलाकर हँसती है।) मज्जा ! लैटरबक्स बोलता है… चलता भी है!

लैटरबक्स : (खुश होकर) वैसे मैं थोड़ा सा गा भी लेता हूँ। कुछ भजन वगैरह।

लड़की : सच?

लैटरबक्स : (भजन की एक लाइन गाता है।) हूँ!

लड़की : तुम मजेदार हो। बहुत-बहुत अच्छे हो।

लैटरबक्स : पर मैं बहुत लाल हूँ। नासपीटों के पास जैसे दूसरा रंग ही नहीं था। लाल रंग पोत दिया मुझ पर।

लड़की : लैटरबक्स, तुम सच्ची बहुत अच्छे हो। पर मुझे न, अभी भी बिलकुल सच नहीं लग रहा है। सपना लग रहा है… सपना।

लैटरबक्स : कभी न देखी हो ऐसी चीज देख लो यों ही लगता है। तू रहती कहाँ है?

लड़की : मैं अपने घर में रहती हूँ।

लैटरबक्स : बहुत अच्छे ! हर किसी को अपने घर ही रहना चाहिए। पर तेरा यह घर है कहाँ?

लड़की : हैं? घर… हमारी गली में है।

लैटरबक्स : हम जैसे अपने घरों में रहते हैं वैसे ही घर भी गली में हो तो अच्छा रहता है। पर यह गली है कहाँ?

लड़की : सड़क पर। आसान तो है मिलनी। हमारी गली एक बड़ी सड़क पर है, हाँ। उस सड़क पर न, आदमी-ही-आदमी आते-जाते रहते हैं।

लैटरबक्स : यह तो अच्छा ही है कि हम घरों में हों, घर गली में, गलियाँ सड़कों पर और सड़कों पर बहुत से लोग हों। इससे चोरी-वोरी भी कम होती है। पर तुम्हारी इस सड़क का नाम क्या है?

लड़की : नाम? हमारे घरवाली सड़क।

लैटरबक्स : अरे, वह तो तुम्हारा दिया हुआ नाम है न? जैसे मुझे सबने नाम दिया है लाल ताऊ। पर मेरा असली नाम तो लैटरबक्स है।

लड़की : ये सब कौन? ये सब यानी कौन? यहाँ तो कोई नहीं है।

लैटरबक्स : (हड़बड़ाकर) है। नहीं-नहीं… यहाँ तो कोई नहीं। मैं वैसे बता रहा था तुझे… कोई मुझे ऐसे कहे तो… पेड़, खंभा, कौआ-सभी ठंडी लंबी साँस लेते हैं।

लैटरबक्स : तो तेरी उस सड़क का लोगों का दिया हुआ नाम क्या है?

लड़की : मुझे नहीं पता। सभी उसे सड़क कहते हैं, सच। कोई कोई रोड भी कहता है, रोड।

लैटरबक्स : (पेट से लिफाफे निकालकर दिखाते हुए) यह देख, इस पर जैसे पता लिखा हुआ है, वैसा पता नहीं है तेरा?

लड़की : मुझे नहीं पता। सच्ची, मुझे नहीं पता।

खंभा : (बीच में ही) कमाल है!

लड़की आश्चर्य से खंभे की तरफ देखती है। वह चुप।

लड़की : कौन बोला यह, कमाल है? अँ… कौन?

लैटरबक्स : खंभा… (जीभ काटकर) नहीं-नहीं, यूँ ही लगा है तुझे। यूँ ही…

लड़की : मुझे सुनाई दिया है वहाँ से… ऊपर से।

पेड़ : हँ! (एकदम मुँह पर टहनी रखता है।)

लड़की : देखो, वहाँ से… वहाँ से आई है आवाज़। जरूर आई है। उस पेड़ पर से आई है।

कौआ : मैंने नहीं की। (चोंच दबाकर रखता है।) :

लड़की : कौन बोला यह? कौन? कौआ?

खंभा : गधा है यह भी।

पेड़ : जब न बोलना हो तो जरूर ….
पोस्टर पर बनी नाचनेवाली का संतुलन पुनः बिगड़ता है। वह फिर से अपने पाँव टिकाती है। घुँघरुओं की आवाज।

लड़की : वो देखो, देखो, कोई नाच रहा है। (सभी एकटक देखते रहते हैं।) क्या है यह? क्या है? कौन बोलता है? कौन नाच रहा है? कौन?

लैटरबक्स : (प्यार से) देख, तू बिलकुल घबरा मत। हमीं बोल रहे है, हमीं नाच रहे हैं, चल रहे हैं, गा भी रहे हैं।

लड़की : हमीं मतलब कौन? बताओ न? बताओ जल्दी।

लैटरबक्स : हमीं… यानी कि हमीं… मैं लैटरबक्स, यह पेड़… वह बिजली का खंभा… यह कौआ भी। वह सिनेमा का पोस्टर।

लड़की : कसम से?

लैटरबक्स : कसम से। बस इनसानों के सामने हम नहीं करते यह सब। इनसानों को ऐसा दिखाई देता है, भूत करते हैं यह सब तो। घबरा जाते हैं। इसीलिए जब हम अकेले होते हैं तब बोलते, चलते, नाचते…

नाचनेवाली का संतुलत पुनः बिगड़ता है। घुँघरुओं की आवाज। वह फिर पहले की स्थिति में आती है।

लड़की : मज़े हैं। खूब खूब मजे हैं! (अपने इर्द-गिर्द सबको देखती है।) लैटरबक्स, अब मुझे यहाँ डर नहीं लगता… जरा भी डर नहीं लगता।

खंभा ,पेड़ , कौआ : शाब्बाश!

लड़की हैरान होती है, फिर ताली बजाकर खिलखिलाकर हँसती है।

लड़की : सब चलकर पहले मेरे पास आओ। (सभी पहले हिचकिचाते हैं।) आओ न पास…। नहीं तो मैं नहीं बोलूँगी, जाओ। (सब बारी-बारी से पास आते हैं।) बैठो। (सब बैठ जाते हैं, सिर्फ खंभा सीधा खड़ा है। खंभे… खंभे, नीचे बैठो। (वह अभी भी खड़ा है।) बैठो न! देखो, नहीं तो मैं रोऊँगी।

लैटरबक्स : अरे, मैं बताता हूँ तुझे। उससे बिलकुल बैठा नहीं जाता।

लड़की : क्यों?

पेड़ : क्योंकि जब से वह यहाँ खड़ा किया गया तबसे कभी बिलकुल बैठा ही नहीं।

लड़की : (व्याकुल होकर) अय्या रे! मतलब यह बिच्चारा लगातार खड़ा ही रहता है, टीचर से जैसे सजा मिली हो? (खंभा स्वीकृतिसूचक गरदन हिलाता है।) फिर तो चलो, हम सब मिलकर इसे बिठाते हैं। हैं? चलो…

सब मिलकर बड़े यत्न से खंभे को बैठाते हैं। बैठने में उसे बहुत तकलीफ होती है, लेकिन बाद में बैठ जाता है।

लड़की : (ताली बजाती है।) एक लड़का बैठ गया। बैठ गया जी, एक लंबा लड़का बैठ गया!

खंभा : (जरा सुख महसूस करते हुए) बहुत अच्छा लग रहा है बैठकर। सच-सच बताऊँ? हम खड़े रहते हैं न, तब बैठने का सपना देखते हैं। सपने में भी बैठना कितना अच्छा लगता है!

लड़की : मुझे भी वैसा ही लग रहा है। मैं यहाँ कैसे आ गई? मुझे बिलकुल भी पता नहीं। e

पेड़ : मैंने देखा था… (जीभ काटता है।) अहँ… मैंने नहीं देखा, मैं यह कह रहा था।

लड़की : यह लड़का जो जी में आए बोल देता है। तुम्हें जीरो नंबर।

पेड़ : (खंभे को आँख मारकर चलो ठीक। जीरो तो जीरो सही।

लड़की : ए, हम अब खेलें? हैं? (पोस्टर पर बनी नाचनेवाली का संतुलन फिर खोता है। घुँघरुओं की आवाज्जा) मज्जा ! एक लड़की बार-बार गिर रही है। गिर रही है। (जरा सोचकर) ए. मैं तुम्हें नाच करके दिखाऊँ? हैं? मेरी मम्मी ने सिखाया है मुझे। दिखाऊँ करके ?

सभी : हाँ, हाँ, दिखाओ न? वाह !

लड़की नाच करने लगती है।

पेड़ : (खंभे से धीरे से) थोड़ी देर में वह भी आ जाएगा।

खंभा : कौन?

पेड़ : वह… वही… दुष्ट आदमी… वह बच्चे उठानेवाला।

खंभा : सचमुच ! (कौए से) उसके आने का वक्त हो गया।

कौआ : किसके ?

खंभा : हूँ… उस बच्चे उठानेवाले का। इसे अभी ले जाएगा वह।

लैटरबक्स : बाप रे! तब फिर

पेड़ : क्या किया जाए?

खंभा : कुछ तो करना ही पड़ेगा!

पेड़ : लेकिन क्या?

पोस्टर पर बनी नाचनेवाली आती है। लड़की और वह दोनों मिलकर नाचने लगती हैं। सभी दाद देते हैं। नाच खूब रंग में आता है। सभी भाग लेते हैं पर बीच में ही एक दूसरे के कान में कुछ फुसफुसाते हैं। पुनः नाचते हैं। दाद देते हैं। तभी वह दुष्ट आदमी आता है। देखते ही सब निःस्तब्ध। नाचनेवाली पोस्टर के बीच जा खड़ी होती है। सभी अपनी-अपनी जगह पर और वह लड़की घबराकर पेड़ के पीछे दुबक जाती है।

आदमी : (मूँछों पर हाथ फेरकर डकार लेता है।) वाह! पेट भर खा लिया। अब आगे चला जाए। (लड़की जहाँ सो रही थी वहाँ देखता है, सिर्फ कोट ही वहाँ दिखाई पड़ता है। उसका चेहरा बदलता है।) कहाँ गई? गई कहाँ वह छोकरी? मैं छोडूंगा नहीं उसे। अभी, पकड़ के लाता हूँ। मुझे चकमा देती है! ढूँढ़ने लगता है। पेड़, खंभा, लैटरबक्स, पोस्टर इन सबके बीचोंबीच लपक-झपक कर लड़की बचने का प्रयत्न करती है और वह दुष्ट आदमी पीछे-पीछे। होते-होते सभी वस्तुएँ सरकते-सरकते उसके रास्ते में आने लगती हैं। उस छोटी लड़की का संरक्षण करने लगती हैं। धीरे-धीरे इस सारे क्रम का वेग बढ़ने लगता है जिसे ढोलक या तबले की ताल भी मिलती है। लड़की किसी भी तरह उस दुष्ट आदमी के हाथ नहीं लगती। तभी एकदम से कौआ चिल्लाता है।

कौआ : भूत!
पीछे-पीछे पेड़, खंभा, लैटरबक्स नाचते हुए चिल्लाने लगते हैं।

पेड़ , खंभा , लैटरबक्स : भूत… भूत!

तीनों और ज्यादा जोर-जोर से चिल्लाते-चीखते हैं। इसी के साथ ‘भूत-भूत’ करता वह दुष्ट आदमी घबराकर भाग निकलता है। सभी पेट पर हाथ रखे जी भरकर हँसते हैं।

खंभा : मज़ा आ गया!

कौआ : खूब भद्द उड़ाई!

पेड़ : क्यों उठाकर लाया था बच्ची को? बड़ा आया बच्चे चुराकर भागनेवाला! अच्छी खातिर की उसकी !

लैटरबक्स : अच्छी नाक कटी दुष्ट की।

खंभा : अरे, पर वो कहाँ है?

कौआ : वो कौन?

पेड़ : कौन?

खंभा : वो… वो छोटी… लड़की अपनी…

लैटरबक्स : अरे अरे वो… वो कहाँ गई?

पेड़ : कौन?

कौआ : देखें… देखते हैं…

इधर-उधर देखते हैं, पर लड़की का कहीं पता नहीं। सभी

खंभा : गई कहां ?

कौआ : यहीं तो थी।

पेड़ : कहीं नहीं मिल रही।

लैटरबक्स : उठाकर तो नहीं ले गया बच्ची को बदमाश ?
फिर से ढूंढते हैं। लड़की नहीं मिलती। सभी घबराए हुए हैं। पोस्टर पर बनी नाचनेवाली भी जहाँ की तहाँ उसी भंगिमा में बैठी है।

कौआ : (निराश) नहीं भई, कहीं दिखाई नहीं देती।

पेड़ : मुझे तो लगता है, बहुत करके वही ले गया होगा उसे…

लैटरबक्स : कितनी प्यारी बच्ची थी रे, कितनी प्यारी !

खंभा : और स्वभाव कितना अच्छा था उसका।
सभी शोकग्रस्त बैठे हैं। तभी नाचनेवाली के पीछे से लड़की धीरे से झाँकती है।

लड़की

: (शरारत से) मैं यहाँ हूँ… मुझे पकड़ो! सभी आनंदित होकर इधर-उधर देखने लगते हैं। उसे पकड़ने दौड़ते हैं। वह पकड़ में नहीं आती। सबको भगाती रहती है। सब थक जाते हैं। आखिर कौआ उसे पकड़ता है।

कौआ : (धप से) कैसे पकड़ ली !

लड़की : पर पहले कैसे घबरा गए थे सब? अहा! मज़्ज़ा ! (ताली बजाती है। पोस्टर पर बनी नाचनेवाली भी ताली बजाती है। लड़की थककर बैठ जाती है।) खूब मज्जा आया। मुझे जरा साँस लेने दो अब। ए, पर मैं बहुत घबरा गई थी उस दुष्ट आदमी से। तुम्हीं ने बचा लिया मुझे। अहा मुझे… बहुत नींद आ रही है। थक गई मैं। (लेटती है।) बहुत थक गई। मुझे उठा देना, हाँ… फिर हम मजा करेंगे… बहुत थक गई। मुझे उठा देना, हाँ.. फिर हम मजा करेंगे। (गहरी नींद सो जाती है। सब उसे देखते हुए खड़े हैं-प्यार से)।

कौआ : सो गई बच्ची।

पेड़ : थक गई थी न बहुत ? तभी झट से सो गई। लैटरबक्स लड़की को प्रेम से थपथपाने लगता है। कौआ उसके पैर दबाता है।

कौआ : सो गई बच्ची।

पेड़ : थक गई थी न बहुत ? तभी झट से सो गई।

लैटरबक्स लड़की को प्रेम से थपथपाने लगता है। कौआ उसके पैर दबाता है।

खंभा : थोड़ी देर बाद सुबह हो जाएगी।

पेड़ : तब यह कहाँ जाएगी?

लैटरबक्स : उसे अपने घर का पता-ठिकाना ही नहीं मालूम, अपनी गली का नाम तक नहीं बता सकती वह। बेचारी को अपने पापा का नाम भी नहीं मालूम। छोटी है अभी।

खंभा : तो इसका क्या होगा? कहाँ जाएगी यह?

लैटरबक्स : सचमुच रे, कहाँ जाएगी?

कौआ : मैं बताऊँ?

सभी : क्या?

कौआ : हम सब मिलकर कुछ करें तो इसको पापा से मिलवा सकते हैं।

सभी : (उठकर) कैसे ?

कौआ : आसान है। सुबह जब हो जाए पेड़ राजा, तो आप अपनी घनी-घनी छाया इस पर किए रहें, वह आराम से देर तक सोती रहेगी और खंभे महाराज, आप जरा टेढ़े होकर खड़े रहिए।

खंभा : इससे क्या होगा?

कौआ : पुलिस को लगेगा, एक्सीडेंट हो गया। वो यहाँ आएगी और हमारी इस छोटी सहेली को देखेगी। वो लगाएगी इसके घर का पता। पुलिस सबके घर का पता मालूम करती है। खोए हुए बच्चों को उनके घर पहुँचाती है।

खंभा : रहूँगा, मैं आड़ा होकर खड़ा रहूँगा। पर मान लो, पुलिस नहीं आई तो?

कौआ : मैं बराबर यहाँ जोर-जोर से काँव-काँव करता रहूँगा। लोगों का ध्यान इधर खींचूँगा। उनकी चीजें अपनी चोंच से उठा-उठाकर लाता जाऊँगा।

लैटरबक्स : पर तब भी कोई नहीं आया तो?

कौआ : तो आपको एक काम करना होगा, लाल ताऊ।

लैटरबक्स : जरूर करूँगा, अपनी अच्छी गुड़िया के लिए तो कुछ भी करूँगा। एक बार घर पहुँचा दिया कि सब ठीक हो गया समझो। क्या करूँ? बता।

कौआ : आपको लिखना-पढ़ना आता है न ?

कान में बात करने लगता है। तभी पोस्टर पर बनी नाचनेवाली गिर पड़ती हैं। घुँघरुओं की आवाज। पुनः जैसे-तैसे वह अपनी पहले जैसी भंगिमा बनाकर खड़ी होती है।

लैटरबक्स : (बीच में ही कौए से) उससे क्या होगा?

कौआ उसके कान में और कुछ कहता है। लैटरबक्स स्वीकृति में गरदन हिलाता है। अँधेरा। कुछ देर बाद उजाला। सुबह होती है। खंभा अपनी जगह पर टेढ़ा होकर खड़ा है। पेड़ सोई हुई लड़की पर झुककर अपनी छाया किए हुए है। कौए की काँव-काँव जोर-जोर से सुनाई दे रही है और सिनेमा के पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है-पापा खो गए हैं। पोस्टर पर बनी नाचनेवाली की इससे मेल खानेवाली भंगिमा। लैटरबक्स धीरे से सरकता हुआ प्रेक्षकों की ओर आता है।

लैटरबक्स : शः! शः! लाल ताऊ बोल रहा हूँ। आप में से किसी को अगर हमारी इस प्यारी सी बच्ची के पापा मिल जाएँ तो उन्हें जितनी जल्दी हो सके यहाँ ले आइएगा।

यह भी पढ़ें : मिठाईवाला : अध्याय 4

प्रश्न – अभ्यास

नाटक से

1. नाटक में आपको सबसे बुद्धिमान पात्र कौन लगा और क्यों?
Ans.
नाटक में सबसे बुद्धिमान पात्र हमें कौआ तगा क्योंकि वह उड़ उड़कर सभी घटनाओं की जानकारी रखता है। अच्छे-बुरे लोगों की उसे पहचान है। उसी की सूझ-बूझ के कारण असामाजिक तत्त्वों यानी दुष्ट व्यक्ति के हाथों में जाने से बच्ची बच जाती है।

2. पेड़ और खंभे में दोस्ती कैसे हुई?
Ans.
शुरुआत में पेड़ का जन्म समुद्र के किनारे हुआ था और वह वहीं अकेला बड़ा होता रहा। कुछ दिनों बाद वहाँ खंभा लगाया गया तो पेड ने उससे मित्रता करने की कोशिश की। लेकिन खंभा अकड़ में पेड़ से नहीं बोलता था। एक दिन जब खंभा पेड़ के ऊपर ही आ गिर पड़ा था। पेड़ ने उसे अपने ऊपर झेल लिया। इस कोशिश में पेड़ को खुद चोट आया और वह घाव बन गया। पेड़ ने खंभे को नीचे गिरने से बचा लिया। उसी दिन से दोनों में दोस्ती हो गई।

3. लैटरबक्स को सभी लाल ताऊ कहकर क्यों पुकारते थे?
Ans.
लैटरबक्स का रंग पूरे का पूरा लाल रंग से रंगा हुआ था, इसलिए सब उसे लाल ताऊ कहकर पुकारते थे।

4. लाल ताऊ किस प्रकार बाकी पात्रों से भिन्न है?
Ans.
तात ताऊ अन्य पात्रों से भिन्न है क्योंकि वह एक ऐसा पात्र है जो पढ़ा लिखा है। वह अपने आप में मस्त रहता था। अकेले रहने पर भजन गुनगुनाते रहना उसकी आदत थी। इस तरह वह अन्य पात्रों से भिन्न था। निर्जीव होते हुए भी समाज की चिंताएँ उसे सताती थीं।

5. नाटक में बच्ची को बचानेवाले पात्रों में एक ही सजीव पात्र है। उसकी कौन-कौन सी बातें आपको मजेदार लगीं? लिखिए।
Ans.
नाटक में एकमात्र सजीव पात्र ‘कौआ’ है। वह काफी होशियार है। उसने लड़की को बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उसे सामयिक घटनाओं का पूरा ज्ञान है और समाज के अच्छे-बुरे लोगों की भी पहचान है। दुष्ट आदमी से बच्ची को बचाने के लिए वही सबसे पहले भूत-भूत चिल्लाता है। उसी की योजनानुसार बालिका को उठानेवाला दुष्ट व्यक्ति भूत के डर से बालिका को छोड़कर भाग जाता है और उसी के परामर्श से बच्ची को सकुशल घर पहुँचाने के लिए पुलिस के आने का इंतजार करते हैं। जब यह सोचा जाता है कि अगर पुलिस नहीं आई तो क्या होगा? तो कौआ ही लेटरबक्स को बड़े-बड़े अक्षरों में पापा खो गए’ लिखने व सबको यह कहने कि किसी को इस बच्ची के पापा मिले तो यहाँ आने की सलाह देता है। अतः बच्ची को बचाने के प्रयास में कोआ मुझे मजेदार लगा।

6. क्या वजह थी कि सभी पात्र मिलकर भी लड़की को उसके घर नहीं पहुँचा पा रहे थे?
Ans.
लड़की बहुत छोटी व अबोध थी। उसे अपने माता-पिता का नाम व घर का पता तक मालूम नहीं था इसीलिए सभी पात्र मिलकर भी उस लड़की को यथाशीघ्र उसके घर नहीं पहुंचा पा रहे थे।

नाटक से आगे

1. अपने-अपने घर का पता लिखिए तथा चित्र बनाकर वहाँ पहुँचने का रास्ता भी बताइए।
Ans.
  बच्चे इसे स्वयं करें।

2. मराठी से अनूदित इस नाटक का शीर्षक ‘पापा खो गए’ क्यों रखा गया होगा? अगर आपके मन में कोई दूसरा शीर्षक हो तो सुझाइए और साथ में कारण भी बताइए।
Ans.
इस एकांकी को शीर्षक ‘पापा खो गए’ इसलिए रखा गया, क्योंकि लड़की को अपने पिता का नाम व घर का पता मालूम नहीं था। इस अनोखे शीर्षक के द्वारा ही लोग और पुलिस आकर्षित होकर उस लड़की को घर पहुँचाने की कोशिश करेंगे। इसका अन्य शीर्षक ‘लापता बच्ची’ रखा जा सकता है, क्योंकि एकांकी में पापा नहीं, बच्ची ही खोई थी और उसे अपने घर का पता तक मालूम नहीं था।

3. क्या आप बच्ची के पापा को खोजने का नाटक से अलग कोई और तरीका बता सकते हैं?
Ans.
बच्ची के पापा को खोजने का दो तरीका हो सकता था-पहला तरकीब, समाचार पत्रों में, पोस्टरों में या दूरदर्शन पर उसका चित्र दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित करके उसके पापा को खोजा जा सकता है।

दूसरा तरकीब लड़‌की को पुलिस थाने ले जाकर उसकी रिपोर्ट लिखवा देनी चाहिए। पुलिस अपने तरीकों से उसके पापा को खोज निकालेगी।

अनुमान और कल्पना

1. अनुमान लगाइए कि जिस समय बच्ची को चोर ने उठाया होगा वह किस स्थिति में होगी? क्या वह पार्क मैदान में खेल रही होगी या घर से रूठकर भाग गई होगी या कोई अन्य कारण होगा?
Ans.
पाठ के अनुसार जिस समय बच्ची को चोर ने उठाया था तब वह सो रही थी।

2. नाटक में दिखाई गई घटना को ध्यान में रखते हुए यह भी बताइए कि अपनी सुरक्षा के लिए आजकल बच्चे क्या-क्या कर सकते हैं। संकेत के रूप में नीचे कुछ उपाय सुझाए जा रहे हैं। आप इससे अलग कुछ और उपाय लिखिए।

• समूह में चलना।
• एकजुट होकर बच्चा उठानेवालों या ऐसी घटनाओं का विरोध करना।
• अनजान व्यक्तियों से सावधानीपूर्वक मिलना।

Ans. अन्य उपाय

• अपने घर का पता एवं माता-पिता का नाम एवं फोन नं० अपने डायरी में लिखकर साथ रखना चाहिए। अकेले सुनसान या अपरिचित जगह पर नहीं जाना चाहिए।

• अपने आस-पास आने-जाने वाले लोगों पर निगाह रखना एवं हमेशा तैयार रहना।

• किसी भी गतिविधि पर थोड़ा भी शक होने पर शोर मचाना और माता-पिता या पास के किसी बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देना।

मेरा नाम सुनीत कुमार सिंह है। मैं कुशीनगर, उत्तर प्रदेश का निवासी हूँ। मैं एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हूं।

1 thought on “पापा खो गए : अध्याय 5”

Leave a Comment