देश की अधिकांश झीलों (Lakes) की स्थिति उत्तर के पर्वतीय प्रदेश में ही सीमित है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में भी कुछ महत्वपूर्ण झीलें स्थित हैं। मैदानी भाग में इनकी कमी है। देश में मिलने वाली विभिन्न प्रकार की झीलें निम्नलिखित हैं –
1. विवर्तनिक झीलें: इस प्रकार की झीलों का निर्माण पृथ्वी के बड़े भाग के धंसने या उठने से होता है। इसका उदाहरण कश्मीर की वूलर झील (झेलम नदी पर) है।* इस पर विवर्तनिक क्रिया का प्रभाव है। यह भारत में मीठे पानी की सबसे बड़ी झील है।* तुलबुल परियोजना इसी पर है।* गाय के खुर की आकृति होने के कारण वूलर झील को गोखुर झील (Oxbowlake) भी कहा जाता है। कुमायूँ हिमालय में स्थित अनेक झीलें विवर्तनिक हैं।
2. ज्वालामुखी क्रिया से निर्मित झील : महाराष्ट्र के बुलढाना जिले की लोनार झील एक क्रेटर झील है।*
3. लैगून या अनूप झीलें : चिल्का झील (ओडिशा) भारत की सबसे बड़ी लैगून झील है।* इसकी चौड़ाई (8 से 20 किमी.) एवं लम्बाई 65 किमी. है। वर्षा ऋतु में दाया और भार्गवी आदि नदियाँ इस झील में अपना जल विमोचित करती हैं। यह ओडिशा के पुरी जिले में अवस्थित है। ध्यातव्य है कि ओडिशा तट को भौगोलिक दृष्टि से उत्तरी सरकार तट की भी संज्ञा प्रदान की गई है। इसके अलावा अन्य लैगून (खारे पानी की) झील हैं पुलीकट झील (आन्ध्र प्रदेश एवं तमिलनाडु), अष्ठमुडी झील (केरल) कोलेरू झील (आन्ध्र प्रदेश)।* सांभर झील (राजस्थान) भारत की खारे पानी की सबसे बड़ी अन्तःस्थलीय (Inland) झील है। ध्यातव्य है कि, केरल के लैंगून झीलों को कयाल कहा जाता है।
4. हिमानी द्वारा निर्मित झीलें: कुमायूं हिमालय की अधिकांश झीलें इसी प्रकार की हैं। इनके उदाहरण हैं राकसताल, नैनीताल, सातताल, भीमताल, नौकुछियाताल, खुरपाताल, समताल, पूनाताल, मालवाताल, रूपकुण्ड (कंकाल झील) आदि।
5. वायु द्वारा निर्मित झीलें: राजस्थान की सांभर, डीडवाना पंचभद्रा, लूनकरनसर आदि। ये लवणीय झीलें हैं। इनसे नमक उत्पादन भी किया जाता है।
6. कृतिम झीलेंः मानव निर्मित झीलों को कृत्रिम झील कहते हैं। यह डैम के पास या मरुभूमि अथवा मैदानों में पेयजल की उपलब्धता व सिंचाई हेतु बनाए जाते हैं। जैसेः- उकई झील, गोविन्दसागर झील एवं कोडाईकनाल झील (तमिलनाडु) आदि।
अन्य महत्वपूर्ण झीलें
• उकाई (गुजरात) ताप्ती नदी पर स्थित मानव निर्मित झील है।
• राणा प्रताप सागर व जवाहर सागर (राजस्थान) एवं गांधी सागर (मध्य प्रदेश) चंबल नदी पर स्थित झीलें हैं।*
• गोविंद सागर हिमांचल में भाखड़ा बांध के पीछे बनी विशाल झील है।*
• पेरियार झील यह एक कृत्रिम झील है जिसका क्षेत्रफल 55 वर्ग किमी. है। इस झील से जल वैगई नदी को प्राप्त होता है। ध्यातव्य है कि इस झील को जल की आपूर्ति पेरियार नदी करती है।
• नागार्जुन सागर (आंध्र प्रदेश), कृष्णा नदी पर, निजामसागर (आंध्र प्रदेश) मंजरा नदी पर एवं तुंगभद्रा (कर्नाटक) तुंगभद्रा नदी पर मानव निर्मित झील हैं।
• गोविंद बल्लभ पंत सागर (छत्तीसगढ़ व उत्तर प्रदेश) सोन की सहायक नदी रिहन्द पर बनायी गई झील है।*
• स्टेनले जलाशय तमिलनाडु में कावेरी नदी पर बने मेटूर बांध के पीछे बनी झील है।
• पुलिकट झील : आंध्र प्रदेश (84%) एवं तमिलनाडु (16%) की सीमा पर स्थित यह झील 350 किमी. क्षेत्र में फैला एक लैगून झील है।* श्रीहरिकोटा नामक द्वीप इस झील को सागर से अलग करता है। इस झील में गिरने वाली प्रमुख नदियाँ अर्णी, कलंगी एवं स्वर्णमुखी हैं। इस द्वीप पर ही सतीश धवन उपग्रह प्रक्षेपण केन्द्र स्थित है।” इस झील के पश्चिमी हिस्से में बकिंघम नहर है।”
• लोकटक झील (मणिपुर): यह मीठे पानी की पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी झील है।* इस झील में किबुललामजाओं नाम का तैरता हुआ राष्ट्रीय पार्क है। अपनी उत्पादकता और जैव विविधता के कारण यह झील ‘मणिपुर की जीवन रेखा’ कहलाती है।
• बेम्बानड झील केरल में स्थित है। इसी झील में वेलिंगटन द्वीप है जहाँ पर नौकायन प्रतियोगिताएँ होती हैं। यह भारत की सबसे लम्बी झील (96.5 किमी.) है।* यह केरल के कोट्टायम, अलपुझा एवं एर्नाकुलम जिलों की सीमाओं को सपर्श करती है। इस झील में गिरने वाली प्रमुख नदियाँ पेम्बा एवं पेरियार हैं। इसके पूर्वीतट पर ‘कुमार कोम पक्षी अभ्यारण्य’ तथा उत्तरी तट पर कोच्चि बंदरगाह अवस्थित है। नए राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-27E.W. का कुछ हिस्सा इसी झील से होकर गुजरता है। भारत का राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 47A, जिसे कि वर्तमान में NH 966 B भी कहते हैं, वेलिंगटन द्वीप पर अवस्थित है।*
• डलझील, मानसबल, शेषनाग, अनन्तनाग, गन्धारबल, अच्छाबल, बैरीनाग तथा नागिन झील (जम्मू-कश्मीर), उदयसागर, पिछौल, फ़तेहसागर, जयसमन्द, राजसमन्द (राजस्थान) एव हुसैनसागर (तेलंगाना) झील दो नगरों के मध्य (हैदराबाद एवं सिकंदराबाद) स्थित है। हुसैन सागर झील में मूसी नदी का जल गिरता है।*
• गुरुडोंगमर एवं चोलामू झील सिक्किम में स्थित है।
• बेलांदूर झील एवं पम्पा सरोवर (हम्पी) झील कर्नाटक में स्थित हैं।
• रूपकुण्ड झील : उत्तराखण्ड राज्य के चमोली जिले के देवल में स्थित एक हिमानी झील है। इस झील के किनारे सैकड़ों मानव कंकालों के मिलने के कारण इसे ‘रहस्यमयी झील’ या ‘मानव कंकाल झील’ की संज्ञा प्रदान की गई है। इसे 1942 ई. में एच. के. माधवन नामक रेंजर ने खोजा था।
• लोनार झील, पोवई झील (मुम्बई), गोरेवाड़ा झील (नागपुर), सलीम अली सरोवर झील (औरंगाबाद) महाराष्ट्र राज्य में स्थित है।
• पाला झील मिजोरम में स्थित है।
• उमियम झील मेघालय के शिलांग जिले में स्थित है।
• नलसरोवर एवं नारायण सरोवर झील गुजरात में स्थित है।
• सूरजकुंड झील हरियाणा में स्थित है।
• ‘चपनाला झील’ असम में अवस्थित है। यह नैगाँव कस्बे से 33 किमी. की दूरी पर स्थित है।
• अंचार झील जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में अवस्थित हैं।*
राष्ट्रीय झील संरक्षण परियोजना- इस परियोजना का आरम्भ केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय द्वारा जून 2001 में किया गया था। इसके अन्तर्गत 14 राज्यों की कुल 58 झीलों के संरक्षण हेतु स्वीकृति 2009 तक प्रदान की गई थी। हाल ही में इस सूची में ऊँटी तथा भीमताल को शामिल किया गया है।*
देश के प्रमुख जल प्रपात
जब नदियों का जल ऊँचाई से खड़े ढाल से अत्याधिक वेग से नीचे गिरता है तो उसे जल प्रपात कहते हैं। देश में जलप्रपातों (Waterfalls) की संख्या नगण्य है। सभी जलप्रपात छोटे हैं। यह अधिकांश दक्षिण भारत में ही पाये जाते हैं। देश के प्रमुख जलप्रपात निम्नवत हैं-
1. जोग अथवा गरसोप्पा अथवा महात्मा गाँधी प्रपात कर्नाटक राज्य के शरावती नदी पर स्थित है। इस जलप्रपात के निर्माण में राजा, राकेट, रोरर तथा दाम ब्लाचे नामक चार जलप्रपातों का योगदान है। चौड़ाई की दृष्टि से यह भारत का सबसे बड़ा प्रपात है।
2. शिवसमुद्रम जलप्रपात : कर्नाटक राज्य में कावेरी नदी पर स्थित यह जल प्रपात आयतन की दृष्टि से यह भारत का सबसे बड़ा जल प्रपात है।
3. गोकक प्रपात : घाट प्रभा नदी की सहायक गोकक नदी पर।
4. येना जलप्रपात : महाबलेश्वर के समीप।
5. पायकारा जलप्रपात : नीलगिरि के पर्वतीय क्षेत्र में।
6. धुआँधार जलप्रपात : जबलपुर के पास नर्मदा नदी पर स्थित।
7. झारखण्ड जलप्रपात : टोंस नदी पर।
8. चूलिया जलप्रपात : चम्बल नदी पर।
9. मधार जलप्रपात : चम्बल नदी पर।
10. पुनासा जलप्रपात : चम्बल नदी पर।
11. हुंडरु जलप्रपात : झारखंड राज्य में राँची के पास स्वर्ण रेखा नदी पर अवस्थित यह प्रपात 98 मी. ऊँचा है।
12. कपिल धारा प्रपात : यह मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला में नर्मदा नदी पर अवस्थित एक सुप्रसिद्ध जल प्रपात है।
13. चित्रकूट जल प्रपात : यह छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर जिला में प्रवाहित इंद्रावती नदी पर अवस्थित है। इसे भारत का ‘नियाग्रा प्रपात’ की उपमा प्रदान की गई है।
14. दूधसागर जल प्रपात : गोवा और कर्नाटक की सीमा पर मांडवी नदी पर स्थित है।
15. बरेही जल प्रपात : बुधावलंगा नदी पर ‘सिमली राष्ट्रीय उद्यान, जिला मयूरभंज ओडिशा में अवस्थित)।
16. लिंगशियांग जलप्रपात : किनशी नदी पर पश्चिमी खासी पहाड़ी में मेघालय में अवस्थित यह प्रपात भारत का तीसरा सबसे बड़ा प्रपात है। इसके अलावा नोक्कलिकाई (Nohkalikai), बिशप, फैल ईगल एवं लैंडसिंग जैसे अनेक जल प्रपात मेघालय में पाये जाते हैं। ध्यातव्य है कि विश्व जल प्रपात डेटावेस के अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार भारत का सबसे ऊँचा जल प्रपात नोक्कलिकाई (मेघालय) है, जिसकी ऊँचाई 340 मी. है। जबकि अभी भी अनेक आधिकारिक स्त्रोतों में कर्नाटक के कुचीकल प्रपात को भारत का सबसे ऊँचा जल प्रपात लिखा गया है। इस प्रकार वैश्विक स्रोत में भारत का सबसे ऊँचा प्रपात जहाँ नोक्कलिकाई को बताया गया है वहीं भारत के आधिकारिक स्रोत एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा कुचीकल प्रपात को सबसे ऊँचा प्रपात माना गया है।
17. मीन मुट्टी जलप्रपात : कल्लर नदी पर वायनाड जिला, केरल में अवस्थित ।
18. थलैयार जलप्रपात : मंजलार नदी पर (पालनी पहाड़ी, जिला-डिण्डीगुल, तमिलनाडु में अवस्थित)।
19. बरकाना जलप्रपात : सीता नदी पर (अगुम्बे, जिला- शियोगा, कर्नाटक में अवस्थित)।
20. खड़ाधार जलप्रपात : कोरापानी नाला (सुन्दरगढ़, ओडिशा में अवस्थित)।
21. सोचीपारा जलप्रपात : वायनाड जिला, केरल में अवस्थित।
22. कूने जलप्रपात : लोनावाला, पुणे महाराष्ट्र में अवस्थित।
यह भी पढ़ें : प्रायद्वीपीय अपवाह (The Peninsular Drainage)
FAQs
Q1. भारत में सर्वाधिक खारे पानी वाली झील कौन-सी है?
Ans. सांभर झील (राज.)
Q2. भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील कौन-सी है?
Ans. वुलर झील (जम्मू-कश्मीर)
Q3. तुलबुल परियोजना किस झील पर स्थित है?
Ans. वुलर झील
Q4. भारत की सबसे बड़ी कृत्रिम झील कौन-सी है?
Ans. गोविंद वल्लभ पन्त सागर (रिहन्द नदी पर)
Q5. कौन-सी झील भारत में सबसे अधिक ऊँचाई पर स्थित है?
Ans. चोलामू झील (सिक्किम)
Q6. कोकाईकनाल किस प्रकार की झील है?
Ans. कृत्रिम झील
Q7. बरुआसागर झील स्थित है?
Ans. उ.प्र. में
Q8. भारत का सर्वाधिक ऊँचा झरना कौन-सा है?
Ans. कुँचीकला झरना (शिमोगा, कर्नाटक)
Q9. होजेनक्कल जलप्रपात कहाँ स्थित है?
Ans. तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले में
Q10. भारत का नियाग्रा प्रपात संज्ञा से कौन-सा प्रपात अभिहित किया जाता है?
Ans. चित्रकूट प्रपात (इंद्रावती नदी)
Q11. चुलिया प्रपात किस नदी पर अवस्थित है?
Ans. चम्बल नदी पर
1 thought on “भारत की झीलें (Indian Lakes)”